मासलपुर में सरसों की तूड़ी में भीषण आग, बीड़ी की चिंगारी से हादसे की आशंका
करौली जिले के मासलपुर कस्बे में भोजपुर रोड पर रखे सरसों की सूखी तूड़ी के बड़े ढेर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बड़ी मात्रा में पशुओं का चारा जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आसपास बकरियां चरा रहे कुछ बच्चों द्वारा पी गई बीड़ी की चिंगारी सूखी तूड़ी पर गिर गई, जिससे आग लगने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह तूड़ी मासलपुर निवासी विजय सिंह की थी, जिन्हें इस हादसे में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब तीन घंटे तक आग पर काबू पाने की कोशिश की। टीम के सदस्य लगातार मौके पर डटे रहे और आग को फैलने से रोकने के प्रयास जारी रहे।
इस घटना ने क्षेत्र में आग से बचाव और सतर्कता को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
Comments (0)
Leave a Reply