🕒 24 May 2026, Sunday
राजस्थान

करौली में 14–15 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू

By समाचार कक्ष 🕒 25 Apr 2026 👁️ 28 Views ⏳ 1 Min Read
करौली में 14–15 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू

करौली जिले में बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए चलाया जा रहा है।

उन्होंने इस अभियान के सफल संचालन के लिए शिक्षा विभाग, आईसीडीएस विभाग और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बालिकाओं को समय पर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं।

जिला कलेक्टर ने लोगों से यह भी आग्रह किया कि वे वैक्सीन से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है, जो गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। समय पर लगाया गया यह टीका भविष्य में होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों को काफी हद तक कम कर सकता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. सतीश चंद मीणा ने बताया कि जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। इनमें जिला अस्पताल हिंडौन, करौली मुख्यालय पर यूपीएचसी गणेश गेट, उप जिला अस्पताल टोडाभीम, सीएचसी बालाघाट, मुंडिया, नादौती, गुढाचंद्र जी, श्री महावीर जी, कटकड़, सपोटरा, कुड़गांव, हाडोती, लांगरा, करणपुर, केला देवी, मासलपुर, सायपुर तथा पीएचसी कांचरोदा सहित कई केंद्र शामिल हैं।

जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक पात्र बालिकाएं इस अभियान का लाभ उठाएं और सुरक्षित भविष्य की ओर कदम बढ़ाएं।

🏷️ Tags: #
Author

समाचार कक्ष

यह मिशन की आवाज का आधिकारिक समाचार कक्ष (News Desk) है। यहाँ हमारी अनुभवी संपादकीय टीम 24/7 सक्रिय रहकर देश-दुनिया की विश्वसनीय, निष्पक्ष और सटीक खबरें आप तक पहुँचाती है।

Comments (0)

Leave a Reply