उत्तर प्रदेश

प्रयागराज में चंद्रशेखर आजाद को हाउस अरेस्ट के बाद भड़की हिंसा, करछना में उपद्रव, कई घायल

By जीतेन्द्र मीना 🕒 30 Jun 2025 👁️ 45 Views ⏳ 1 Min Read
प्रयागराज में चंद्रशेखर आजाद को हाउस अरेस्ट के बाद भड़की हिंसा, करछना में उपद्रव, कई घायल

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश: भीम आर्मी के संस्थापक और लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद को रविवार को उस समय प्रयागराज पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट कर लिया गया जब वे कौशांबी और करछना में हाल ही में हुई हिंसात्मक घटनाओं के पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे थे। प्रशासन ने उन्हें प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस में ही रोक दिया। इस कार्रवाई के विरोध में चंद्रशेखर आजाद अपने समर्थकों के साथ वहीं धरने पर बैठ गए।

इस घटना के बाद प्रयागराज का करछना क्षेत्र तनाव की चपेट में आ गया। बड़ी संख्या में जुटे भीम आर्मी समर्थकों ने सड़कों पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो धीरे-धीरे हिंसक रूप ले बैठा। करछना में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की आठ गाड़ियों और सात निजी वाहनों को नुकसान पहुंचाया। इसके साथ ही सरकारी बसों पर पथराव किया गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

भड़ेवरा बाजार बना हिंसा का केंद्र

भड़ेवरा बाजार में हालात और बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों पर ईंट-पत्थरों की बरसात कर दी। इस अचानक हुई हिंसा में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ के दौरान कई लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थिति पर काबू पाने में लगी पांच घंटे की मशक्कत

हिंसा पर काबू पाने के लिए पुलिस को करीब पांच घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पीएसी (प्रांतीय सशस्त्र बल) और आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) को तैनात किया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति पर धीरे-धीरे नियंत्रण पाया गया।

17 भीम आर्मी कार्यकर्ता हिरासत में

प्रदर्शन और हिंसा के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से 17 भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। प्रशासन द्वारा घटना की जांच शुरू कर दी गई है और आस-पास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

इलाके में तनाव बरकरार

इस घटना के बाद पूरे करछना क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। बाजार बंद हैं और स्थानीय लोग भय के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

🏷️ Tags: #
Author

जीतेन्द्र मीना

Jitendra Meena is a senior journalist and writer, he is also the Editor of Mission Ki Awaaz, Jitendra Meena was born on 07 August 1999 in village Gurdeh, located near tehsil Mandrayal of Karauli district of Rajasthan ( India ).

Contact Email : Jitendra@MissionKiAwaaz.in

Comments (0)

Leave a Reply