करौली में व्यापारी और परिजनों पर हमले से व्यापारियों में रोष, बाजार बंद कर की कड़ी कार्रवाई की मांग
करौली शहर के चौधरी पाड़ा क्षेत्र में एक व्यापारी और उनके परिजनों से मारपीट की घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में शहर के रेडीमेड वस्त्र व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई। व्यापारियों का कहना है कि शहर में लगातार ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे कामकाज प्रभावित हो रहा है और भय का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, रेडीमेड वस्त्र व्यापारी महेश गुप्ता अपने दो बेटों के साथ देर शाम दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए युवकों ने लाठी-डंडों से तीनों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दिन में दुकान के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर बहस हुई थी, जो शाम को हिंसक झड़प में बदल गई।
हमले में घायल व्यापारी और उनके परिजनों को करौली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के विरोध में व्यापार संघ के नेतृत्व में बाजार बंद रखा गया और व्यापारियों ने प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय भी पहुंचा, जहां उन्होंने एसपी लोकेश सोनवाल को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने और आरोपी युवकों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग दोहराई।
एसपी ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
व्यापारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन की रणनीति पर विचार करेंगे।
Comments (0)
Leave a Reply