राजस्थान

CNG गैस लीकेज से जयपुर-अजमेर हाईवे पर बड़ा हादसा टला, ड्राइवर और पुलिस की सूझबूझ से टली जनहानि

By समाचार कक्ष 🕒 06 Jun 2025 👁️ 41 Views ⏳ 1 Min Read
CNG गैस लीकेज से जयपुर-अजमेर हाईवे पर बड़ा हादसा टला, ड्राइवर और पुलिस की सूझबूझ से टली जनहानि

जयपुर-अजमेर हाईवे पर गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भांकरोटा इलाके में टोरेंट कंपनी के CNG गैस से लदे करियर ट्रक में अचानक मेन पाइप टूटने से गैस का रिसाव शुरू हो गया। घटना रात करीब 1:15 बजे ओल्ड कार शोरूम के पास हुई, जब ट्रक भांकरोटा की ओर बढ़ रहा था।

10 मिनट तक चला गैस रिसाव, हाईवे पर मचा हड़कंप

मुख्य पाइप के टूटते ही तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के ड्राइवर और राहगीर घबरा गए। ट्रक चालक ने तुरंत वाहन को किनारे लगाकर सूझबूझ दिखाते हुए कपड़े से लीकेज को नियंत्रित करने की कोशिश की। करीब 10 मिनट तक गैस लीक होती रही, जिससे किसी भी वक्त बड़ा विस्फोट या आग लगने का खतरा मंडरा रहा था।

पुलिस और फायर टीम की तत्परता से स्थिति काबू में

घटना की जानकारी मिलते ही भांकरोटा थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। हाईवे पर मौजूद अन्य ट्रक चालकों की मदद से दोनों ओर का ट्रैफिक रोका गया ताकि कोई अनहोनी न हो। इसके बाद ट्रक को सावधानीपूर्वक बाईपास स्थित सुनसान इलाके में ले जाया गया।

गैस रिसाव बंद होने पर ली राहत की सांस

फायर विभाग की टीम ने मौके पर लीकेज पाइप की मरम्मत कर गैस का रिसाव रोका। चीफ फायर ऑफिसर गौतम लाल ने बताया कि समय रहते नियंत्रण नहीं होता तो विस्फोट या आग लगने जैसी गंभीर घटना हो सकती थी। गैस का रिसाव खुले में होने से वह हवा में घुल गई और जनहानि नहीं हुई।

🏷️ Tags: #
Author

समाचार कक्ष

यह मिशन की आवाज का आधिकारिक समाचार कक्ष (News Desk) है। यहाँ हमारी अनुभवी संपादकीय टीम 24/7 सक्रिय रहकर देश-दुनिया की विश्वसनीय, निष्पक्ष और सटीक खबरें आप तक पहुँचाती है।

Comments (0)

Leave a Reply