जयपुर डिस्कॉम देगा 95 करोड़ का ब्याज, जुलाई बिजली बिल में एडजस्ट होगी राशि
जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जयपुर डिस्कॉम) ने अपने 55 लाख उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। निगम घरेलू और व्यवसायिक उपभोक्ताओं की जमा अमानत पर इस वर्ष ₹95.42 करोड़ का ब्याज देने जा रहा है। यह राशि उपभोक्ताओं के जुलाई 2025 के बिजली बिल में स्वतः समायोजित की जाएगी।
यह निर्णय राजस्थान राज्य विद्युत विनियामक आयोग के निर्देशों के अनुसार लिया गया है। आयोग के नियमों के अनुसार डिस्कॉम उपभोक्ताओं से औसतन दो महीने की बिजली खपत के बराबर राशि अमानत के रूप में लेता है, जिस पर हर साल बैंक दर के अनुसार ब्याज देना होता है। वर्ष 2024-25 के लिए ब्याज दर 6.75% तय की गई है।
बिजली मित्र ऐप पर मिलेगी ब्याज की जानकारी
जयपुर डिस्कॉम की प्रबंध निदेशक आरती डोगरा ने बताया कि ब्याज की जानकारी उपभोक्ताओं को बिजली मित्र मोबाइल ऐप पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं ने ईमेल आईडी दी है, उन्हें मेल के माध्यम से भी जानकारी दी जाएगी।
अगर किसी उपभोक्ता को बिल में दर्शाई गई अमानत राशि और वास्तविक जमा अमानत में अंतर नजर आता है, तो वह संबंधित सहायक अभियंता कार्यालय से संपर्क कर समाधान करवा सकता है।
डिस्कॉम प्रतिवर्ष उपभोक्ताओं की अमानत पर ब्याज देता है, ताकि उपभोक्ता की राशि निष्क्रिय न रहे और उन्हें आर्थिक लाभ मिले।
Comments (0)
Leave a Reply