अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर हमला किया, ईरान ने इजराइल पर मिसाइलें दागीं
अमेरिका ने रविवार सुबह भारतीय समयानुसार 4:30 बजे ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों — फोर्डो, नतांज और इस्फहान — पर सटीक हमले किए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने तीन घंटे बाद देश को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान की महत्वपूर्ण न्यूक्लियर साइट्स ‘पूरी तरह से तबाह’ कर दी गई हैं। फोर्डो साइट पर विशेष रूप से भारी बमबारी की गई।
ट्रम्प ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अब उसे शांति स्थापित करनी चाहिए, नहीं तो और भी बड़े हमले किए जाएंगे।
अमेरिकी हमले के जवाब में, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने इजराइल पर मिसाइलों की एक श्रृंखला दागी। IRGC के अनुसार, यह इजराइल पर सबसे बड़ा हमला था, जिसमें 14 महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया गया। टाइम्स ऑफ इजराइल ने बताया कि हाइफा और तेल अवीव के सैन्य और आवासीय इलाकों में मिसाइलें गिरीं, जिससे 86 लोग घायल हुए हैं।
इसी बीच, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने रविवार दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया। दोनों के बीच लगभग 45 मिनट की बातचीत हुई, जिसमें क्षेत्रीय स्थिरता और हालात पर चर्चा हुई।
Comments (0)
Leave a Reply