🕒 24 May 2026, Sunday
देश

भारतीय सिनेमा के दिग्गज मोहनलाल को मिलेगा 2023 का दादा साहेब फाल्के पुरस्कार

By जीतेन्द्र मीना 🕒 20 Sep 2025 👁️ 29 Views ⏳ 1 Min Read
भारतीय सिनेमा के दिग्गज मोहनलाल को मिलेगा 2023 का दादा साहेब फाल्के पुरस्कार

नई दिल्ली । भारतीय फिल्म जगत के महान अभिनेता मोहनलाल को साल 2023 के प्रतिष्ठित दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से नवाजा जाएगा। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि यह निर्णय दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड चयन समिति की सिफारिश पर लिया गया है।

मोहनलाल को यह सम्मान उनके दशकों लंबे सिनेमाई सफर और भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जा रहा है। उन्होंने न केवल मलयालम फिल्मों में बल्कि तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी सिनेमा में भी अपने अभिनय की गहरी छाप छोड़ी है। उनकी भूमिकाओं की विविधता और अदाकारी की गहराई ने उन्हें भारत के सबसे सम्मानित अभिनेताओं की श्रेणी में ला खड़ा किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर मोहनलाल को बधाई दी। उन्होंने कहा, "मोहनलाल जी उत्कृष्टता और बहुमुखी प्रतिभा के प्रतीक हैं। दशकों के उनके कार्य ने न केवल मलयालम सिनेमा को समृद्ध किया है, बल्कि भारतीय रंगमंच और अन्य भाषाओं की फिल्मों में भी उनका योगदान प्रेरणादायक रहा है।"

यह पुरस्कार उन्हें 23 सितंबर 2025 को 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा। पिछले वर्ष यह सम्मान दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को मिला था।

मोहनलाल का जन्म 21 मई 1960 को केरल के एलनथुर में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1978 की फिल्म ‘थिरानोत्तम’ से की, हालांकि उन्हें असली पहचान 1980 में आई फिल्म ‘Manjil Virinja Pookkal’ से मिली। अब तक वे 350 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं और हर तरह की भूमिकाएं निभाई हैं — चाहे वह गंभीर किरदार हों, हास्य हो या एक्शन।

अपने शानदार अभिनय के लिए मोहनलाल को कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुके हैं। इसके अलावा, भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री (2001) और पद्म भूषण (2019) जैसे सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से भी अलंकृत किया है।

🏷️ Tags: #
Author

जीतेन्द्र मीना

Jitendra Meena is a senior journalist and writer, he is also the Editor of Mission Ki Awaaz, Jitendra Meena was born on 07 August 1999 in village Gurdeh, located near tehsil Mandrayal of Karauli district of Rajasthan ( India ).

Contact Email : Jitendra@MissionKiAwaaz.in

Comments (0)

Leave a Reply