राजस्थान

करौली में जल संरक्षण कार्यक्रम: कलेक्टर और विधायक ने की श्रमदान व पौधरोपण

By समाचार कक्ष 🕒 07 Jun 2025 👁️ 21 Views ⏳ 1 Min Read
करौली में जल संरक्षण कार्यक्रम: कलेक्टर और विधायक ने की श्रमदान व पौधरोपण

करौली जिले में शनिवार को 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' के अंतर्गत यादव वाटी गोशाला में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना और स्थानीय विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत गोशाला में श्रमदान से हुई, जहां कलेक्टर सक्सेना ने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई कार्य में भाग लिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे तालाब, पोखर, बावड़ी और अन्य जल स्रोतों में स्वच्छता अभियान चलाकर जल संरक्षण को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों की स्वच्छता न केवल पानी की उपलब्धता बनाए रखने में मदद करेगी, बल्कि बीमारियों से भी बचाव होगा।

इस अवसर पर कलेक्टर और विधायक ने गोशाला परिसर में बरगद के पौधे लगाए और लोगों से वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की। उन्होंने गोमाताओं की पूजा कर उन्हें चारा और गुड़ खिलाया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गोशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जिसमें पशुओं के रहने, चारा, चिकित्सा, पेयजल और छाया की व्यवस्था शामिल थी। उन्होंने गोशाला समिति से संवाद कर सुझाव सुने और समिति द्वारा रखी गई सड़क निर्माण समेत अन्य मांगों पर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. गंगासहाय मीणा, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सहायक निदेशक धर्मेन्द्र कुमार मीणा, डॉ. मुंशीलाल मीणा, गोशाला अध्यक्ष रविन्द्र सिंह समेत कई अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

🏷️ Tags: #
Author

समाचार कक्ष

यह मिशन की आवाज का आधिकारिक समाचार कक्ष (News Desk) है। यहाँ हमारी अनुभवी संपादकीय टीम 24/7 सक्रिय रहकर देश-दुनिया की विश्वसनीय, निष्पक्ष और सटीक खबरें आप तक पहुँचाती है।

Comments (0)

Leave a Reply