अपराध

टंगड़ी गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, कोर्ट से लौटते वक्त भागने की कोशिश में टूटे पैर

By समाचार कक्ष 🕒 06 Jun 2025 👁️ 48 Views ⏳ 1 Min Read
टंगड़ी गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, कोर्ट से लौटते वक्त भागने की कोशिश में टूटे पैर

जयपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए टंगड़ी गैंग के दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम अब्दुल मेहराज (30 वर्ष), निवासी करीम कॉलोनी, गलता गेट और इरफान उर्फ शक्तिमान (26 वर्ष), निवासी विजय नगर कच्ची बस्ती, भट्टा बस्ती हैं। इन पर छह से अधिक लूट की वारदातों का आरोप है।

लूट की वारदात का खुलासा

3 जून को मुहाना के छापोलो की ढाणी निवासी दाऊजी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि 28 मई की रात वह अपने दोस्त के साथ सब्जी लेकर मालपुरा गेट से घर लौट रहा था, तभी कब्रिस्तान गेट के पास बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी बाइक को रोका और पैरों पर टंगड़ी मारकर जेब में रखे ₹10,500 छीन लिए।

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पहले से चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ की। इसी के आधार पर दोनों आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश

गुरुवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत (जेसी) में भेजा गया। लेकिन कोर्ट से जेसी ले जाते समय दोनों बदमाशों ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की और चलती गाड़ी से कूद गए। इस दौरान दोनों के पैर टूट गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया और प्राथमिक उपचार के बाद जेल भेज दिया गया।

पूछताछ में खुलासा

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे राह चलते अकेले लोगों को निशाना बनाते थे। टंगड़ी से मारकर या झगड़ा कर ध्यान भटकाते और जेब से पैसे निकाल लेते। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है।

🏷️ Tags: #
Author

समाचार कक्ष

यह मिशन की आवाज का आधिकारिक समाचार कक्ष (News Desk) है। यहाँ हमारी अनुभवी संपादकीय टीम 24/7 सक्रिय रहकर देश-दुनिया की विश्वसनीय, निष्पक्ष और सटीक खबरें आप तक पहुँचाती है।

Comments (0)

Leave a Reply