भरतपुर में आसमान से बरसी आग, 47 डिग्री तापमान ने तोड़े रिकॉर्ड
राजस्थान के भरतपुर जिले में मंगलवार को भीषण गर्मी ने लोगों की परीक्षा ले ली। जिला मौसम केंद्र के अनुसार दोपहर 2:30 बजे तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक तापमान है। गर्म हवा और चिलचिलाती धूप ने मानो आसमान से आग बरसाई हो।
शहर की सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। लोग घरों से बाहर निकलने में परहेज करते दिखे। जो मजबूरी में निकले भी, उन्होंने पूरे शरीर को कपड़ों से ढक रखा था। व्यापारी वर्ग ने भीषण गर्मी के चलते अपनी दुकानें समय से पहले बंद कर दीं।
पिछले दिनों हल्की बारिश से मौसम में थोड़ी राहत जरूर मिली थी, लेकिन बीते चार दिनों से लगातार तेज धूप और गर्म हवाओं ने हालात फिर बिगाड़ दिए हैं। दिन में लू जैसे झोंकों ने लोगों को परेशान कर रखा है।
लोग प्यास बुझाने और शरीर को ठंडा रखने के लिए नींबू पानी, छाछ, जलजीरा और अन्य तरल पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। जानवरों की हालत भी खराब है, वे छाया और पानी की तलाश में भटकते दिख रहे हैं।
लोग अब मानसून की बाट जोह रहे हैं, ताकि इस भीषण गर्मी से राहत मिल सके। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं है।
Comments (0)
Leave a Reply