राजस्थान

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख की ठगी, रिटायर्ड कांस्टेबल गिरफ्तार

By जीतेन्द्र मीना 🕒 09 Jul 2025 👁️ 68 Views ⏳ 1 Min Read
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख की ठगी, रिटायर्ड कांस्टेबल गिरफ्तार

गंगापुरसिटी ( सवाई माधोपुर ) । सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 6 लाख रुपए की ठगी करने वाले राजस्थान पुलिस से सेवानिवृत्त कांस्टेबल गिरवर प्रसाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर सवाई माधोपुर पुलिस अधीक्षक ने 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने उसे रिद्धी-सिद्धी सर्किल गंगापुरसिटी से पकड़ा गया।

परिवादी दीपक मेहरा निवासी नसिया कॉलोनी गंगापुरसिटी ने उदेईमोड़ थाने में रिपोर्ट दी थी। उसने बताया कि आरोपी गिरवर प्रसाद वर्ष 2022 में वजीरपुर थाने में कांस्टेबल था। वह अक्सर दीपक के पिता की कृषि उपज मंडी स्थित चाय की दुकान पर आता था। वहीं से जान-पहचान बढ़ी। मार्च 2022 में गिरवर प्रसाद ने दीपक के पिता से कहा कि राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल की भर्ती निकली है। अगर बेटे को नौकरी लगवानी है तो 8 लाख रुपए देने होंगे। इसमें से 6 लाख रुपए पहले और 2 लाख नौकरी लगने के बाद देने होंगे।

दीपक के पिता ने भरोसा कर मार्च 2022 में ही 6 लाख रुपये नकद दे दिए। तय हुआ कि नौकरी नहीं लगने पर एक महीने में ब्याज सहित पैसे लौटाए जाएंगे। इस लेन-देन की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग दीपक ने कर रखी थी। तय समय पर नौकरी नहीं लगी। दीपक ने पैसे मांगे तो आरोपी हर बार टालता रहा। आखिरकार दीपक ने कोर्ट के जरिए मामला दर्ज कराया।

उदेईमोड़ थाने में IPC की धारा 318(4), 316(2), 338, 336(3), 336(4), 340(1) के तहत केस दर्ज हुआ। जांच सहायक उप निरीक्षक कमल प्रसाद ने की। वीडियो सीडी जब्त की गई। जांच में गिरवर प्रसाद के खिलाफ ठगी का मामला प्रमाणित पाया गया। आरोपी ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर 8 जुलाई 2025 को उसे रिद्धी-सिद्धी सर्किल से पकड़ा गया। थाने लाकर गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पैसों की लेन-देन को लेकर पूछताछ जारी है।  गिरफ्तार आरोपी गिरवर प्रसाद पुत्र जौहरीलाल, उम्र 54 वर्ष, निवासी खाती मोहल्ला, बामनवास पट्टी खुर्द, थाना बामनवास, जिला सवाई माधोपुर है।

गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक कमल प्रसाद, कांस्टेबल मुकेश कुमार, रवि कुमार और दिलीप सिंह शामिल थे।

🏷️ Tags: #
Author

जीतेन्द्र मीना

Jitendra Meena is a senior journalist and writer, he is also the Editor of Mission Ki Awaaz, Jitendra Meena was born on 07 August 1999 in village Gurdeh, located near tehsil Mandrayal of Karauli district of Rajasthan ( India ).

Contact Email : Jitendra@MissionKiAwaaz.in

Comments (0)

Leave a Reply