देश

उपराष्ट्रपति पद की रेस में रामनाथ ठाकुर का नाम सबसे आगे, जानिए उनका राजनीतिक सफर

By जीतेन्द्र मीना 🕒 24 Jul 2025 👁️ 47 Views ⏳ 1 Min Read
उपराष्ट्रपति पद की रेस में रामनाथ ठाकुर का नाम सबसे आगे, जानिए उनका राजनीतिक सफर

नई दिल्ली – उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद देश में नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है। हालांकि, एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की ओर से अब तक उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। इस बीच बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की जेडीयू नेता और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर से मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

कौन हैं रामनाथ ठाकुर ?

रामनाथ ठाकुर बिहार के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के पुत्र हैं। सामाजिक न्याय और पिछड़ों के अधिकारों के पैरोकार रहे कर्पूरी ठाकुर को हाल ही में मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया, जिससे उनके परिवार की राजनीतिक विरासत एक बार फिर चर्चा में है।

रामनाथ ठाकुर का राजनीतिक सफर भी काफी लंबा और सशक्त रहा है। वह 2005 में बिहार की नीतीश कुमार सरकार में गन्ना मंत्री बने और 2010 तक कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में वह जनता दल (यूनाइटेड) से राज्यसभा सांसद हैं और केंद्र सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री के रूप में कार्यरत हैं।

उपराष्ट्रपति पद के लिए संभावित चेहरा ?

रामनाथ ठाकुर की पृष्ठभूमि, अनुभव और सामाजिक समीकरणों को देखते हुए उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए एक मजबूत दावेदार माना जा रहा है। एनडीए में सहयोगी दलों के साथ संतुलन बनाने और सामाजिक न्याय की राजनीति को मजबूती देने के लिहाज़ से भी उनका नाम सटीक बैठता है।

हालांकि, एनडीए की ओर से अब तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन रामनाथ ठाकुर के नाम की चर्चा और जेपी नड्डा से हुई उनकी मुलाकात ने संकेत दे दिए हैं कि वे इस पद की दौड़ में सबसे आगे हो सकते हैं।

🏷️ Tags: #
Author

जीतेन्द्र मीना

Jitendra Meena is a senior journalist and writer, he is also the Editor of Mission Ki Awaaz, Jitendra Meena was born on 07 August 1999 in village Gurdeh, located near tehsil Mandrayal of Karauli district of Rajasthan ( India ).

Contact Email : Jitendra@MissionKiAwaaz.in

Comments (0)

Leave a Reply