अपराध

जयपुर: कलेक्शन एजेंट से मारपीट कर 4.67 लाख की लूट, पुलिस तलाश में जुटी

By समाचार कक्ष 🕒 29 May 2025 👁️ 14 Views ⏳ 1 Min Read
जयपुर: कलेक्शन एजेंट से मारपीट कर 4.67 लाख की लूट, पुलिस तलाश में जुटी

जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के वाटिका कस्बे में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कार सवार बदमाशों ने कलेक्शन एजेंट से मारपीट कर 4.67 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

शिव शक्ति विहार निवासी पीड़ित राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह मुहाना अनाज मंडी स्थित सुनिल कैटल फीड्स (दुकान नंबर A-63) में मुनीम हैं। 28 मई को वह वाटिका क्षेत्र में ग्राहकों से पेमेंट कलेक्ट करने गए थे, जहां से उन्होंने कुल 4.67 लाख रुपये एकत्र किए। लौटते समय लाखना रोड पर वाटिका से एक किलोमीटर आगे एक बिना नंबर प्लेट वाली स्विफ्ट कार ने उनकी वैगन आर कार को ओवरटेक कर रोका।

कार से चार बदमाश उतरे और गुप्ता से मारपीट करते हुए रुपये से भरा बैग छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी तेज रफ्तार में फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नाकाबंदी की गई, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बावजूद बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

🏷️ Tags: #
Author

समाचार कक्ष

यह मिशन की आवाज का आधिकारिक समाचार कक्ष (News Desk) है। यहाँ हमारी अनुभवी संपादकीय टीम 24/7 सक्रिय रहकर देश-दुनिया की विश्वसनीय, निष्पक्ष और सटीक खबरें आप तक पहुँचाती है।

Comments (0)

Leave a Reply