राजस्थान

करौली में तेज गर्मी का प्रकोप, पारा पहुंचा 45 डिग्री

By समाचार कक्ष 🕒 10 Jun 2025 👁️ 33 Views ⏳ 1 Min Read
करौली में तेज गर्मी का प्रकोप, पारा पहुंचा 45 डिग्री

करौली, राजस्थान – जिले में भीषण गर्मी का कहर जारी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया। तीखी धूप और लू के चलते दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

लोग गर्मी से राहत पाने के लिए नींबू पानी, गन्ने का रस और लस्सी जैसे ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। इनकी दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई। गर्मी का असर खासतौर से बच्चों और बुजुर्गों पर अधिक देखा जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के डॉ. रामकेश मीणा ने बताया कि दोपहर 12 बजे से लेकर 3:30 बजे तक लू का प्रकोप सबसे तीव्र रहता है। उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को इस समय घर के भीतर ही रहने की सलाह दी है। साथ ही भरपूर पानी पीने और हल्का भोजन करने की बात कही गई है।

मौसम विभाग ने करौली सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए आगामी दो दिनों तक हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत लोगों को घर से बाहर निकलते समय एहतियात बरतने की चेतावनी दी गई है।

नगर परिषद द्वारा राहत के प्रयासों के तहत प्रमुख चौराहों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में टैंकरों से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में पशु-पक्षियों के लिए पानी की विशेष व्यवस्था करने की अपील प्रशासन द्वारा की गई है।

महिलाएं और छात्राएं सिर पर दुपट्टा या छाता रखकर ही बाहर निकल रही हैं। गर्म हवाएं और उमस के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही।

🏷️ Tags: #
Author

समाचार कक्ष

यह मिशन की आवाज का आधिकारिक समाचार कक्ष (News Desk) है। यहाँ हमारी अनुभवी संपादकीय टीम 24/7 सक्रिय रहकर देश-दुनिया की विश्वसनीय, निष्पक्ष और सटीक खबरें आप तक पहुँचाती है।

Comments (0)

Leave a Reply