राजस्थान में पर्यटकों के लिए शुरू होगी 'हॉप ऑन-हॉप ऑफ' बस सेवा, हेरिटेज ऑन व्हील्स का शुभारंभ
जयपुर : राजस्थान, जो अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों के लिए विश्व प्रसिद्ध है, अब पर्यटकों के लिए और भी सुविधाजनक होने जा रहा है। बुधवार को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जयपुर के अल्बर्ट हॉल म्यूज़ियम से 'हेरिटेज ऑन व्हील्स' अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि राजस्थान में जल्द ही विदेशों की तर्ज पर 'हॉप ऑन-हॉप ऑफ' बस सेवा शुरू की जाएगी, जिससे पर्यटक आसानी से विभिन्न दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।
राजस्थान के असीम सौंदर्य, गौरवशाली विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल पर "हेरिटेज ऑन व्हील्स" अभियान का शुभारंभ करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
— Diya Kumari (@KumariDiya) September 10, 2025
राजस्थान पर्यटन विभाग और FlixBus की इस साझेदारी के… pic.twitter.com/VrRa00Kp2D
राजस्थान पर्यटन विभाग ने जर्मनी की प्रमुख बस कंपनी FlixBus के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत FlixBus भारत में जयपुर-दिल्ली और हरिद्वार-देहरादून मार्गों पर चलने वाली बसों पर राजस्थान के पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक गाथाओं का प्रचार कर रही है। इसके अलावा, इंग्लैंड के लंदन-केंब्रिज मार्ग पर भी कंपनी की बसों पर राजस्थान पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने FlixBus के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे राजस्थान में 'हॉप ऑन-हॉप ऑफ' बस सेवा शुरू करें, जैसी कि विदेशों में लोकप्रिय है। उन्होंने कहा, "यह सेवा पर्यटकों के लिए बहुत सुविधाजनक होगी और जयपुर, जोधपुर, उदयपुर जैसे शहरों में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी। ये बसें पर्यटकों को हर घंटे स्मारकों तक ले जाएंगी और वापस लाएंगी।"
उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार ने अपने बजट में ऐसी 50 बसें चलाने की घोषणा की है, जो जल्द शुरू होंगी। साथ ही, उन्होंने FlixBus से भी इस तरह की सेवा शुरू करने के लिए सहयोग मांगा।
गौरतलब है कि FlixBus यूरोप के 40 देशों में बसों का सबसे बड़ा नेटवर्क संचालित करती है। पिछले साल अक्टूबर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जर्मनी के म्यूनिख में FlixBus के मुख्यालय का दौरा किया था और एक समझौता पत्र (MOU) पर हस्ताक्षर किए थे। यह साझेदारी राजस्थान के पर्यटन को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Comments (0)
Leave a Reply