राजस्थान

तेज आंधी से टूटी हाईटेंशन लाइन, करौली के धौलेटा गांव में 7 लोग झुलसे, 4 गंभीर

By समाचार कक्ष 🕒 17 Jun 2025 👁️ 32 Views ⏳ 1 Min Read
तेज आंधी से टूटी हाईटेंशन लाइन, करौली के धौलेटा गांव में 7 लोग झुलसे, 4 गंभीर

राजस्थान के करौली ज़िले के नादौती उपखंड के धौलेटा गांव में मंगलवार सुबह लगभग चार बजे तेज आंधी से बड़ा हादसा हो गया। कोली मोहल्ले में 11 केवी की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सिंगल फेस घरेलू आपूर्ति लाइन पर गिर गया, जिससे कई घरों में अचानक हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया।

इस घटना में सात लोग झुलस गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के वक्त सभी लोग लोहे के पलंग पर सो रहे थे, जिससे करंट का झटका सीधा शरीर में पहुंचा।

घायल व्यक्तियों की स्थिति

झुलसने वालों में सुरेश चंद महावर, चंदा महावर, आकाश महावर, चंपा देवी, प्रभाती देवी, सुरेश कोली, चंदो देवी, मनोज, आरती और महेंद्र शामिल हैं। इनमें से आकाश कोली, सुरेश कोली, चंदो देवी और चंपा देवी को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज गुढ़ाचंद्रजी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

15 मिनट तक दौड़ता रहा करंट, मची अफरा-तफरी

घटना के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया। करीब 15 से 20 मिनट तक हाई वोल्टेज करंट पूरे मोहल्ले में दौड़ता रहा। सूचना पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करवाई।

घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे कूलर, पंखे और फ्रिज जलकर खराब हो गए। खासतौर पर कप्तान, विजय, मीठालाल, बहादुर और चंदन के घरों में भारी नुकसान हुआ है। अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई है।

क्या बोले विभागीय अधिकारी

विभागीय एईएन योगेश शर्मा ने बताया कि तार पुराने नहीं थे, लेकिन तेज आंधी की वजह से वे टूटकर घरेलू लाइन पर गिर गए। ट्रांसफॉर्मर को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल विभाग द्वारा लाइन सुधार का काम शुरू कर दिया गया है।

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों ने इस लापरवाही को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि बिजली लाइनों की सुरक्षा और मजबूती को लेकर विद्युत विभाग को पहले ही चेताया गया था। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और बिजली लाइन की मरम्मत व सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

🏷️ Tags: #
Author

समाचार कक्ष

यह मिशन की आवाज का आधिकारिक समाचार कक्ष (News Desk) है। यहाँ हमारी अनुभवी संपादकीय टीम 24/7 सक्रिय रहकर देश-दुनिया की विश्वसनीय, निष्पक्ष और सटीक खबरें आप तक पहुँचाती है।

Comments (0)

Leave a Reply