राजस्थान

राजस्थान में गुर्जर आंदोलन की फिर से दस्तक, 8 जून को महापंचायत का ऐलान

By समाचार कक्ष 🕒 07 Jun 2025 👁️ 33 Views ⏳ 1 Min Read
राजस्थान में गुर्जर आंदोलन की फिर से दस्तक, 8 जून को महापंचायत का ऐलान

राजस्थान में गुर्जर आरक्षण की मांग को लेकर एक बार फिर आंदोलन की आहट सुनाई दे रही है। गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय बैंसला ने 8 जून को भरतपुर के पीलूपुरा (कारवारी) गांव में महापंचायत बुलाने की घोषणा की है। यह महापंचायत गुर्जर आंदोलन की 17वीं बरसी पर हो रही है, जिसमें सरकारी नौकरियों में 5% आरक्षण के पूर्ण लाभ समेत कई लंबित मांगों को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

महापंचायत की तैयारियों को लेकर गुर्जर समाज में जबरदस्त सक्रियता देखी जा रही है। विजय बैंसला की अगुवाई में समिति के नेता अब तक 300 से अधिक गांवों में पीले चावल बांटकर महापंचायत में शामिल होने का न्योता दे चुके हैं। "हक लेकर ही घर जाएंगे" का नारा देते हुए बैंसला ने चेताया कि यदि सरकार ने मांगे नहीं मानी, तो आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

बैंसला ने यह भी स्पष्ट किया कि अब सरकार से वार्ता बंद कमरे में नहीं, बल्कि समाज के सामने होगी। उन्होंने अपना रूट चार्ट भी सार्वजनिक कर दिया है और सरकार से उसी के अनुसार वार्ता के लिए आने की बात कही है।

भरतपुर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि प्रशासन को महापंचायत की सूचना सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से मिली थी। समाज के लोगों से संवाद भी किया गया है और वार्ता के लिए प्रशासन का न्योता अब भी खुला है। सुरक्षा को देखते हुए पीलूपुरा में भारी पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।

🏷️ Tags: #
Author

समाचार कक्ष

यह मिशन की आवाज का आधिकारिक समाचार कक्ष (News Desk) है। यहाँ हमारी अनुभवी संपादकीय टीम 24/7 सक्रिय रहकर देश-दुनिया की विश्वसनीय, निष्पक्ष और सटीक खबरें आप तक पहुँचाती है।

Comments (0)

Leave a Reply