सागर सरोवर पर गंगा दशहरा मेला: हजारों श्रद्धालुओं ने किया स्नान, मांगी सुख-समृद्धि की कामना
राजस्थान के करौली जिले के मासलपुर क्षेत्र स्थित तिमनगढ़ किले की तलहटी में बसे ऐतिहासिक सागर सरोवर पर गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन हुआ। इस धार्मिक अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई और सुख-समृद्धि की कामना की।
स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों की स्मृति में अस्थि विसर्जन किया। सरोवर की पाल पर पारंपरिक हाट-बाजार भी सजा, जिसमें करौली, भरतपुर, धौलपुर और आगरा से आए व्यापारियों ने दुकानें लगाईं।
सागर सरोवर का ऐतिहासिक महत्व लगभग 1200 वर्ष पुराना है। तिमनगढ़ के राजा तिमनपाल ने अपने कुलगुरु के निर्देश पर 68 तीर्थों का जल इस सरोवर में प्रवाहित करवाया था, जिससे यह स्थान पवित्र तीर्थ के रूप में स्थापित हुआ। यहां संत गोमती दास महाराज, मेंढकी दास, सत्यनाथ, और अनार खोह जैसे संतों ने तपस्या की। आज भी उनके तप स्थल देखे जा सकते हैं।
मेले की व्यवस्था ग्राम पंचायत, पंच-पटेलों और समाजसेवियों द्वारा की गई थी। पुलिस बल और स्थानीय युवाओं की टीमों ने सुरक्षा और व्यवस्था संभाली।
सरोवर, मासलपुर से 9 किलोमीटर दूर भोजपुर गांव के पास, आगरा रोड पर स्थित है और क्षेत्र की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान का केंद्र है।
Comments (0)
Leave a Reply