🕒 24 May 2026, Sunday
राजस्थान

भरतपुर के रूपवास में चंबल पाइपलाइन के गड्ढे में ढाय गिरने से चार की मौत, 6 घायल

By जीतेन्द्र मीना 🕒 29 Jun 2025 👁️ 93 Views ⏳ 1 Min Read
भरतपुर के रूपवास में चंबल पाइपलाइन के गड्ढे में ढाय गिरने से चार की मौत, 6 घायल

भरतपुर, राजस्थान : जिले के रूपवास क्षेत्र के गहनोली मोड़ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भयावह हादसा हुआ, जिसमें चंबल पाइपलाइन के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में मिट्टी लेने गए ग्रामीणों पर अचानक ढाय गिर गई। इस दर्दनाक घटना में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए भरतपुर के आरबीएम अस्पताल सहित अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

चम्बल परियोजना के तहत पाइपलाइन डालने का काम चल रहा था - 

यह हादसा गांव दौलतगढ़ के पास हुआ, जहां चंबल परियोजना के तहत पाइपलाइन डालने का कार्य चल रहा था। इसी परियोजना के लिए कंपनी की ओर से लगभग 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। बरसात के कारण कुछ समय से इस कार्य में ठहराव था, और आसपास के गांवों के लोग इस गड्ढे से चिकनी मिट्टी लेने के लिए उसमें उतर गए थे। जैसे ही लोग मिट्टी खोदने लगे, अचानक ऊपर से ढाय गिर पड़ी और लोग उसकी चपेट में आ गए।

मृतकों की पहचान - सभी उत्तरप्रदेश के निवासी

हादसे में मारे गए चार लोगों में तीन महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के उत्तू गांव निवासी के रूप में हुई है। मृतकों में 45 वर्षीय विमला पत्नी श्रीपति, 24 वर्षीय अनुकूल पुत्र विजेंद्र सिंह, 55 वर्षीय विनोद पत्नी मुंशी और 25 वर्षीय योगेश पत्नी अमित शामिल हैं।

घायलों का इलाज जारी 

घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने घटना की जानकारी दी और बताया कि प्रशासन ने घटनास्थल पर राहत कार्य शुरू कर दिया है। इस घटना के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है। घायलों के उपचार और मृतकों के परिजनों को प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने जताया शोक

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं और जांच की प्रक्रिया को तेज़ी से पूरा करने के लिए कहा है।

🏷️ Tags: #
Author

जीतेन्द्र मीना

Jitendra Meena is a senior journalist and writer, he is also the Editor of Mission Ki Awaaz, Jitendra Meena was born on 07 August 1999 in village Gurdeh, located near tehsil Mandrayal of Karauli district of Rajasthan ( India ).

Contact Email : Jitendra@MissionKiAwaaz.in

Comments (0)

Leave a Reply