उत्तर प्रदेश

इटावा : पीपल्दा में जैविक खेती पर कृषक संगोष्ठी का सफल आयोजन, 75 से अधिक महिला किसानों ने लिया भाग

By जीतेन्द्र मीना 🕒 27 Jun 2025 👁️ 43 Views ⏳ 1 Min Read
इटावा : पीपल्दा में जैविक खेती पर कृषक संगोष्ठी का सफल आयोजन, 75 से अधिक महिला किसानों ने लिया भाग

पीपल्दा, इटावा | 27 जून 2025 – ग्राम पीपल्दा के पंचायत भवन में आज पीपल्दा खेतिहर एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के तत्वाधान में "अच्छी कृषि पद्धतियों द्वारा उत्पादकता सुधार" विषय पर एक महत्वपूर्ण कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एक्सिस डेवलपमेंट सर्विसेज एवं कोर्टेवा एग्री साइंस के संयुक्त प्रयास से आयोजित हुआ, जिसमें लगभग 75 महिला किसानों की भागीदारी रही।

मुख्य अतिथि ने जैविक खेती के लाभों पर दिया जोर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. हेमराज वर्मा (कृषि वैज्ञानिक) ने किसानों को जैविक खेती के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने मृदा में लाभकारी सूक्ष्म जीवों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की और बताया कि ये जीव कैसे मिट्टी की उर्वरता को बढ़ाते हैं और फसल की गुणवत्ता को बेहतर बनाते हैं।

डॉ. वर्मा ने किसानों को जीवामृत, गोमूत्र आधारित जैविक खाद, जैविक कीटनाशकों की घरेलू रूप से निर्माण प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने प्राकृतिक खेती तथा गो आधारित कृषि मॉडल को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित किया।

अध्यक्षता और विशेषज्ञ वक्ताओं का मार्गदर्शन

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री भागवंत सिंह आसावत, चेयरमैन – पीपल्दा खेतिहर एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि “किसानों को संगठित होकर किसान उत्पादक संगठन (FPO) के माध्यम से जुड़ना चाहिए जिससे उन्हें बाजार, संसाधन और प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा मिल सके।”

एक्सिस के श्री उमेश कुमावत ने जैविक उत्पादों के उपयोग से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि “जैविक खेती न केवल आर्थिक दृष्टि से लाभकारी है बल्कि यह सतत कृषि विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है।” ब्लॉक कोऑर्डिनेटर हुकमचंद सेन ने एक्सिस और कोर्टेवा द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों और नवाचारों पर प्रकाश डाला।

आयोजकों और गणमान्य जनों की उपस्थिति

भारत भूषण मेहरा, सीईओ – पीपल्दा खेतिहर एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड ने सभी किसानों, अतिथियों और सहभागी संगठनों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर एक्सिस की जीपी प्रियंका, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर ममता सिंह, वार्ड मेंबर ज्योति वैष्णव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे जिन्होंने कार्यक्रम की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों की निरंतरता की बात कही।

🏷️ Tags: #
Author

जीतेन्द्र मीना

Jitendra Meena is a senior journalist and writer, he is also the Editor of Mission Ki Awaaz, Jitendra Meena was born on 07 August 1999 in village Gurdeh, located near tehsil Mandrayal of Karauli district of Rajasthan ( India ).

Contact Email : Jitendra@MissionKiAwaaz.in

Comments (0)

Leave a Reply